बिहार के बेगूसराय जिले के रुदौली गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका 26 वर्षीय मनीषा कुमारी का शव घर के कमरे में बेड पर मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। घटना के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
परिवार का आरोप है कि मनीषा के पति का गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। मनीषा ने दोनों को साथ देख लिया था, जिसके बाद घर में विवाद हुआ। परिजनों का दावा है कि इसी विवाद के बाद मारपीट कर गला दबाकर हत्या की गई।
मृतका के भाई के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अपनी 5 साल की बेटी को साथ लेकर फरार हो गया, जबकि 3 साल का बेटा अपनी मां के शव के पास रोता हुआ मिला।
परिवार का यह भी कहना है कि शादी के बाद से ही मनीषा को प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज की मांग और पति के संबंधों को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। हाल ही में उसने बीएड की पढ़ाई पूरी की थी और शिक्षिका बनने की तैयारी कर रही थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
